नई दिल्ली. मैड्रिड एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक सिख पायलट से उसके पगड़ी उतारने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने घटना पर दुख प्रकट किया और विदेश मंत्री एस. जयशंकर को चिट्ठीलिखकर इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की मांग की। सिरसा ने कहा कि पायलट कैप्टन सिमरनजीत सिंह गुजराल को एयरपोर्ट अधिकारियों ने मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बावजूद पगड़ी उतारने को कहा। यह मामला सिख समुदाय के प्रति नस्लवाद और एकपक्षीय भावना को दर्शाता है।
सिरसा ने चिट्ठी में कहा, “मैड्रि़ड एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के अधिकारी कैप्टन सिमरनजीत सिंह गुजराल के साथ हुई उत्पीड़न की घटना के बारे में आपको बताना चाहता हूं। उनकी पगड़ी के कारण उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारी ने उन्हें पगड़ी हटाने की मांग की और पगड़ी की व्यक्तिगत जांच करने की बात कही, जो कि सिख की नजर में एक अपराध है। यह सब तब हुआ जब कैप्टन गुजराल ने मेटल डिटेक्टर से सुरक्षा जांच पूरी कर ली थी। मैड्रिड एयरपोर्ट पर सिख समुदायके खिलाफ नस्लीय और एकपक्षीय मामला सामने आया है।”
विदेश में लोग अनभिज्ञता का फायदा उठा रहे हैं: सिरसा
शिअद नेता ने जयशंकर को बताया कि मैड्रिड एयरपोर्ट पर इस प्रकार की घटना पहले भी हो चुकी है। पहले भी कई बार सिख लोगों के पगड़ी उतारने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं कि पगड़ी सिख समुदाय का प्रतीक है और इसके बारे में पूरे विश्व को जागरूक किया जाना चाहिए। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस मामले को वैश्विक स्तर पर उठाएं, विशेषकर स्पेन सरकार के साथ कि वहां पर लगातार लगातार हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाया जा रहा है। वे अनभिज्ञता की बात बोलकर इसका फायदा उठा रहे हैं।” सिरसा ने मंगलवार को कहा था कि उन्हें एयर इंडिया के पायलट का फोन आया और उन्होंने मैड्रिड एयरपोर्ट पर अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार के बारे में बताया।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/air-india-sikh-pilot-was-asked-to-take-off-the-turban-akali-dal-asked-the-government-to-intervene-in-the-matter-126158393.html
via IFTTT Dainik Bhaskar,,327

0 Comments