सुमित पांडेय, छिंदवाड़ा. कॉर्न फेस्टिवल का आज (रविवार) मुख्यमंत्री कमलनाथ उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री आज पूरे दिन छिंदवाड़ा में रहेंगे। यहां वे किसानों से संवाद भी करेंगे। इस दो दिवसीय आयोजन के जरिए कॉर्न सिटी छिंदवाड़ा के मक्के और शहर की इंटरनेशनल ब्रांडिग किए जाने की योजना है। छिंदवाड़ा में प्रवेश करते ही हर चौराहे और नुक्कड़ पर कॉर्न फेस्टिवल के कटआउट और होर्डिंग कार्यक्रम की भव्यता बयां कर रहे हैं।
कॉर्न फेस्टिवल में सरसों का साग, मक्के की रोटी और मक्के से बनी 50 से ज्यादा स्वादिष्ट डिशेस लोगों को लुभा रही हैं। देशभर से आए मक्का विशेषज्ञ किसानों को खेती को उन्नत बनाने की जानकारी दे रहे हैं। छिंदवाड़ा ने मक्के की 9 नई किस्में ईजाद की हैं। इसलिए किसानों को ज्यादा फायदा हो, इसकी कोशिश की जा रही है।जिला पंचायत के सीईओ और कॉर्न फेस्टिवल के कोऑर्डिनेटर गजेंद्र सिंह नागेश ने बताया कि इस बार हमारी कोशिश है कि किसानों के मक्के की प्रोसेसिंग भी यहीं हो जाए, जिससे उन्हें अच्छे दाम भी मिलें और बाहर भी न जाना पड़े। फेस्टिवल में कई कंपनियां आ रही हैं जो छिंदवाड़ा में प्रॉसेसिंग यूनिट लगाने की सम्भावनाओं पर विचार कर रही हैं।
कॉर्न फेस्ट का दूसरा साल
मक्का उत्पादन में देश के अग्रणी जिलों में शामिल छिंदवाड़ा में कॉर्न फेस्टिवल का यह दूसरा साल है। यहाँ हर साल करीब 2200 मीट्रिक टन मक्का उत्पादन होता है। एक एकड़ में 49 क्विंटल औसत पैदावार होती है। स्थानीय कृषि विभाग और प्रशासन के माध्यम से मक्के को हैदराबाद, कोलकाता, रुद्रपुर, दिल्ली, मुंबई में निर्यात किया जाता है। मक्के के उत्पादन का सबसे मुफीद समय अगस्त-सितम्बर है। पिछले साल सितम्बर में कॉर्न फेस्टिवल का आयोजन हुआ था।
मक्का एक, फायदे अनेक
मक्के का उपयोग चार प्रकार से होता है। इसका पशु आहार विशेषकर पोल्ट्री फीड बनता है। पोल्ट्री उद्योग बढ़ने के साथ ही पोल्ट्री फीड की मांग बढ़ी है। कॉर्न फ्लेक्स जैसी लोकप्रिय खाद्य सामग्री बनती है। कॉर्न फ्लेक्स अब सुबह के नाश्ते में शामिल हो गया है। अन्न के रूप में भी इसका सेवन किया जाता है और औद्योगिक उपयोग होता है। कम पानी और कम लागत में अच्छी फसल हो जाती है। जलवायु परिवर्तन के खतरों को सह लेती है। मक्का पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें 71 प्रतिशत स्टार्च, 9 से 10 प्रतिशत प्रोटीन, 4 से 45 प्रतिशत फैट, 9 से 10 प्रतिशत फाइबर, 2 से 3 प्रतिशत शुगर और 1.4 प्रतिशत मिनरल होता है।
कॉर्न फेस्टिवल में यह आयोजन...
- कॉर्न फेस्टिवल 2019 में अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय कंपनियों के 120 से अधिक किस्म के बीज, उर्वरक और कीटनाशकों को प्रदर्शित किया जाएगा। किसानों के लिए कृषि में उपयोग होने वाले आधुनिक यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
- छिंदवाड़ा और आसपास के इलाकों में कॉनट्रैक्ट फर्मिंग की असीम संभावनाएं हैं। कॉर्न फेस्टिवल में भाग लेने वाली कंपनियां सीधा किसानों से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।
- कॉर्न सिटी छिंदवाड़ा में आइए और जानें सर्वगुण संपन्न अन्न मक्का की खेती से जुड़े पहलू,कृषि वैज्ञानिक आपको कॉर्न फेस्टिवल में बताएंगे उत्पादन बढ़ाने के आसान गुर।
- कॉर्न सिटी छिंदवाड़ा में 15 दिसंबर को स्वाद संग होगा संगीत का संगम। अरमान मलिक के गीत संगीत के संग उठाएं मक्का के 100 से अधिक व्यंजनों का लुत्फ।
- कॉर्न फेस्टिवल में अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय कंपनियों के 120 से अधिक किस्म के बीज, उर्वरक और कीटनाशकों को प्रदर्शित किया जायेगा। किसानों के लिये कृषि में उपयोग होने वाले आधुनिक यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /mp/bhopal/news/chief-minister-will-inaugurate-the-kamal-nath-corn-festival-on-sunday-in-chhindwara-126297080.html
via IFTTT Dainik Bhaskar,,327

0 Comments